HomeBreaking Newsचक्रवात अकवान से फसलों को नुकसान की आशंका, किसानों के लिए कृषि...

चक्रवात अकवान से फसलों को नुकसान की आशंका, किसानों के लिए कृषि विभाग ने जारी की जरूरी सलाह

फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना, कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं शिकायत

बीमा कंपनी 10 दिनों के भीतर कराएगी सर्वेक्षण, कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल को भी निर्धारित शर्तों के तहत बीमा सुरक्षा

- Advertisement -

छत्तीसगढ़/रायपुर :-  चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से असामयिक वर्षा और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानी बरतें। वहीं, फसल को नुकसान पहुंचने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत निर्धारित समय-सीमा में सूचना दर्ज कराएं, ताकि पात्र किसानों को बीमा दावा राशि का लाभ मिल सके।

कृषि विभाग के अनुसार असामयिक वर्षा से विशेषकर धान की कटाई कर चुके किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल के भीगने तथा अधिक नमी के कारण खराब होने की आशंका है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और समय रहते फसल की सुरक्षा के उपाय अपनाने की जरूरत है।

72 घंटे के भीतर सूचना देना अनिवार्य

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिन किसानों की बीमित फसल को चक्रवाती तूफान अथवा असामयिक वर्षा से नुकसान पहुंचा है, वे नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज कराएं।

शिकायत प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसमें नुकसान की प्रकृति और वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर योजना के प्रावधानों के अनुरूप पात्र किसानों के बीमा दावों का निराकरण किया जाएगा।

कटाई के बाद रखी धान की फसल को भी बीमा सुरक्षा

विभाग ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी गई बीमित धान की फसल, जिसे स्थानीय भाषा में करपा कहा जाता है, को भी निर्धारित शर्तों के अनुसार बीमा सुरक्षा प्राप्त है। यह प्रावधान फसल कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों की अवधि तक लागू होता है। इस दौरान निर्धारित जोखिमों से फसल को नुकसान होने पर किसान समय-सीमा के भीतर सूचना देकर बीमा दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

खड़ी फसल में जलभराव होने पर होगा नुकसान का आकलन

खेतों में खड़ी फसल में जलभराव की स्थिति बनने पर योजना के प्रावधानों के अनुसार नुकसान का आकलन किया जाएगा। इसके लिए फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उपज संबंधी आंकड़ों के आधार पर बीमा दावा भुगतान की गणना की जाएगी। कृषि विभाग ने किसानों को खेतों में पानी भरने की स्थिति में जहां संभव हो, जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी है।

शिकायत के लिए ये जानकारियां रखें तैयार

फसल नुकसान की शिकायत दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, ग्राम, तहसील एवं जिले का नाम, खेत का खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर, नुकसान का विवरण और नुकसान की तारीख जैसी जानकारियां तैयार रखनी चाहिए। शिकायत दर्ज होने के बाद प्राप्त संदर्भ संख्या भी सुरक्षित रखें।

पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी दें सूचना

कृषि विभाग ने किसानों से कहा है कि फसल को नुकसान होने पर तत्काल संबंधित पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी जानकारी दें। प्रभावित किसान अपने खेतों और फसलों की तस्वीरें तथा वीडियो बनाकर सुरक्षित रखें। इससे आवश्यकता पड़ने पर नुकसान के आकलन में मदद मिलेगी।

पॉलिथीन और तिरपाल से ढककर रखें धान

खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को बारिश से बचाने के लिए विभाग ने पॉलिथीन अथवा तिरपाल से अच्छी तरह ढककर रखने की सलाह दी है। जहां संभव हो, धान को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा आसपास पानी जमा न होने दें।

कृषि विभाग ने किसानों से विशेष अपील की है कि फसल नुकसान की स्थिति में 72 घंटे की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें और तत्काल कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दर्ज कराएं। समय पर सूचना देने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा लाभ दिलाने की प्रक्रिया में मदद मिलेगी।

Must Read