पेट्रोल पंप के पास देर रात दिया था वारदात को अंजाम, लूट का मोबाइल, नकदी और चोरी की दोपहिया वाहन बरामद
छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर के राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास देर रात मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने की घटना में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सामान के साथ वारदात में प्रयुक्त चोरी की दोपहिया वाहन भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे रामसागरपारा निवासी प्रार्थी के साथ राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी रकम लूट ली गई थी। घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 937/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 115(2) एवं 351(3) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों में लखन राजपूत (23 वर्ष), निवासी रामसागरपारा कोरबा, रवि निषाद उर्फ दादू (22 वर्ष), निवासी राताखार बाईपास रोड कोरबा तथा कमल निषाद उर्फ टेंगना, निवासी राताखार बाईपास रोड कोरबा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल, नकदी रकम तथा घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की दोपहिया वाहन बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस चौकी या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।












