HomeBreaking Newsघने कोहरे में भी सुरक्षित दौड़ेंगी ट्रेनें, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की...

घने कोहरे में भी सुरक्षित दौड़ेंगी ट्रेनें, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की विशेष तैयारी

तीनों रेल मंडलों में 3657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध, जीपीएस तकनीक से लोको पायलटों को पहले ही मिलेगी सिग्नल और रेलवे फाटकों की जानकारी

छत्तीसगढ़/बिलासपुर :-  सर्दियों में घने कोहरे के कारण रेल परिचालन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे के तीनों मंडलों में कुल 3657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। जीपीएस आधारित यह आधुनिक उपकरण घने कोहरे के दौरान लोको पायलटों को आगे आने वाले सिग्नल, रेलवे स्टेशन, समपार फाटक और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी पहले से देने में मदद करता है।   

- Advertisement -

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रेल नेटवर्क मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से होकर गुजरता है। विशेष रूप से खोंगसरा एवं भनवारटंक के आसपास के रेलखंडों में सर्दियों के दौरान घना कोहरा ट्रेन परिचालन को प्रभावित करता है। ऐसी परिस्थितियों में फॉग सेफ डिवाइस लोको पायलटों के लिए महत्वपूर्ण सहायक साबित होता है।

जीपीएस तकनीक से पहले ही मिलेगी सिग्नल की जानकारी

फॉग सेफ डिवाइस एक जीपीएस आधारित नेविगेशन उपकरण है। इसमें एंटीना के माध्यम से जीपीएस सिग्नल प्राप्त होते हैं, जबकि संबंधित रेलमार्ग की जानकारी पहले से इसकी मेमोरी में दर्ज रहती है। इसमें रेलवे स्टेशन, सिग्नल, मानवित एवं अमानवित समपार फाटक और न्यूट्रल सेक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का विवरण उपलब्ध रहता है।

यह उपकरण स्क्रीन पर जानकारी प्रदर्शित करने के साथ ऑडियो अलर्ट भी देता है। रेलमार्ग पर क्रमशः आने वाले अगले तीन निर्धारित सिग्नलों की जानकारी लगभग 500 मीटर पहले तक मिल सकती है। इससे लोको पायलट पहले से सतर्क होकर निर्धारित परिचालन नियमों के अनुसार आवश्यक कदम उठा सकते हैं।

सामान्य परिस्थितियों में लोको पायलट सिग्नल देखकर ट्रेन का संचालन करते हैं, लेकिन घने कोहरे में दृश्यता कम होने से सिग्नल को समय पर देखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसी स्थिति में फॉग सेफ डिवाइस से मिलने वाली पूर्व सूचना काफी उपयोगी साबित होती है।

इलेक्ट्रिक और डीजल इंजन सहित कई ट्रेनों में उपयोगी

यह उपकरण सिंगल लाइन, डबल लाइन, विद्युतीकृत और गैर-विद्युतीकृत सभी प्रकार के रेलखंडों के लिए उपयुक्त है। इसका इस्तेमाल इलेक्ट्रिक एवं डीजल इंजन के अलावा ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में भी किया जा सकता है। इसमें 18 घंटे का इन-बिल्ट रिचार्जेबल बैटरी बैकअप उपलब्ध है।

आकार में छोटा, वजन में हल्का और मजबूत बनावट वाला यह उपकरण आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है। लोको पायलट इसे अपनी ड्यूटी के दौरान इंजन के कैब डेस्क पर रखकर उपयोग कर सकते हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह पहल सर्दियों में कोहरे के कारण उत्पन्न होने वाली परिचालन संबंधी चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से लोको पायलटों को बेहतर मार्गदर्शन मिलने के साथ रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। यात्रियों की संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अपनी तैयारियां की हैं।

Must Read