HomeBreaking Newsचक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर: कोरबा में दो दिन भारी बारिश और...

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर: कोरबा में दो दिन भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड पर

20 और 21 नवंबर को कहीं हल्की तो कहीं भारी वर्षा की आशंका, प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन ने सभी विभागों को दिए मुस्तैद रहने के निर्देश; धान, किसानों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर विशेष जोर, एसडीआरएफ सहित बचाव दल तैयार

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से कोरबा जिले में मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 20 एवं 21 नवंबर को जिले में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। संभावित मौसमी खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी है। प्रभारी कलेक्टर श्री प्रतीक जैन ने सभी विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहते हुए आपसी समन्वय से आपदा प्रबंधन की तैयारियां तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

- Advertisement -

प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ किसानों की मेहनत से तैयार फसल और धान खरीदी केंद्रों में रखे धान को बारिश से बचाना है। संभावित जलभराव, नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर, तेज हवाओं से पेड़ गिरने, बिजली के तार टूटने और निचले इलाकों में पानी भरने जैसी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। प्रभारी कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में देरी नहीं होनी चाहिए।

धान खरीदी केंद्रों में विशेष सतर्कता, तिरपाल से ढंका जाएगा धान

चक्रवात की आशंका के बीच किसानों और धान उपार्जन केंद्रों के प्रभारियों के सामने सबसे बड़ी चिंता खुले में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने की है। जिला प्रशासन ने सभी धान उपार्जन केंद्रों में खुले में रखे धान को चबूतरों पर व्यवस्थित करने तथा कैप कवर और तिरपाल से पूरी तरह ढंकने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने और धान के उठाव में तेजी लाने को कहा गया है। केंद्रों के नोडल अधिकारी एवं समिति प्रबंधक इन व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि बारिश के कारण किसानों की उपज खराब न हो।

प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि खेतों और खलिहानों में रखी कटी हुई धान फसल को तिरपाल से ढंककर ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर रखें। उपार्जन केंद्रों में धान लाते समय भी उसे अच्छी तरह ढंककर लाएं। 20 एवं 21 नवंबर को मौसम की स्थिति को देखते हुए धान कटाई, मिंजाई और परिवहन की योजना सावधानीपूर्वक बनाएं। निचले इलाकों में रखे पशुधन को भी सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की सलाह दी गई है।

फसल को नुकसान होने की स्थिति में बीमित किसान 72 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी को सूचना दें तथा क्षति की जानकारी तहसील कार्यालय में भी दर्ज कराएं।

गांवों में मुनादी, जर्जर मकानों में रहने वालों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की तैयारी

संभावित भारी बारिश को देखते हुए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों और कोटवारों की अपने-अपने पंचायत मुख्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जर्जर मकानों, कमजोर दीवारों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की जानकारी दी जा रही है।

जर्जर कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। पंचायत भवनों और सुरक्षित स्कूल भवनों को राहत केंद्र के रूप में तैयार रखने तथा नालियों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों को नदी-नालों के किनारे तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की संभावित निकासी और राहत व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया है। राहत केंद्रों में भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को राहत पहुंचाने में प्राथमिकता रहेगी। पटवारियों को अपने हल्के में उपस्थित रहकर किसी भी नुकसान की स्थिति में राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के तहत प्रकरण तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

बांगो बांध और दर्री बैराज की निगरानी, बिजली और सड़कों पर भी नजर

जिले के प्रमुख जलाशयों को लेकर भी प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जल संसाधन विभाग को हसदेव बांगो बांध, दर्री बैराज सहित अन्य जलाशयों में पानी की आवक पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित डिस्चार्ज सुनिश्चित करने को कहा गया है। जलाशयों के गेट खोलने की स्थिति में पर्याप्त समय पहले नियंत्रण कक्ष, संबंधित एसडीएम और डाउनस्ट्रीम गांवों को सूचना देने के निर्देश हैं।

विद्युत वितरण कंपनी को जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार बिजली आपूर्ति सुरक्षित रूप से बंद करने, बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की शाखाओं की छंटाई करने तथा आपातकालीन मरम्मत दल तैनात रखने को कहा गया है। अस्पतालों, पेयजल आपूर्ति और राहत केंद्रों की बिजली प्राथमिकता से बहाल की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को जेसीबी, पेड़ काटने के कटर और अन्य आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। रपटों और पुलियों पर चेतावनी बोर्ड एवं बेरिकेडिंग लगाने तथा जर्जर शासकीय भवनों का निरीक्षण कर असुरक्षित भवनों को खाली कराने की तैयारी भी की गई है।

अस्पतालों में दवाइयों का इंतजाम, एसडीआरएफ और पुलिस को अलर्ट

स्वास्थ्य विभाग को एंटी-स्नेक वेनम, ओआरएस और जलजनित बीमारियों से बचाव की दवाइयों का पर्याप्त भंडार रखने के निर्देश दिए गए हैं। 108 और 102 एम्बुलेंस सहित मेडिकल टीमों को तैयार रहने को कहा गया है। निचले इलाकों में रहने वाली ऐसी गर्भवती महिलाओं, जिनकी प्रसव की संभावित तिथि नजदीक है, उन्हें समय रहते स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

नगर निगम और नगर पालिकाओं को नालों की सफाई, डी-वॉटरिंग पंपों की तैनाती, खतरनाक पेड़ों की छंटाई और असुरक्षित होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ को अलर्ट पर रखा गया है। नाव, लाइफ जैकेट और गोताखोर तैयार रखने के साथ उफनते रपटों और पुलों पर आवागमन रोकने की व्यवस्था की जाएगी।

शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को जर्जर स्कूल कक्षों और आंगनबाड़ी भवनों का उपयोग नहीं करने तथा राहत केंद्र के लिए चिन्हित सुरक्षित स्कूल भवनों को तैयार रखने को कहा गया है। आवश्यकता पड़ने पर अवकाश का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को राहत केंद्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरीन का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग सड़कों और बिजली लाइनों के आसपास कमजोर पेड़ों की छंटाई करेगा।

इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण मंडल, एसईसीएल, एनटीपीसी और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी को राखड़ बांधों और ओवरबर्डन डंपों की सतत निगरानी करने तथा खदानों में डी-वॉटरिंग पंप चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।

24 घंटे सक्रिय रहेगा आपदा नियंत्रण कक्ष, नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

आपदा प्रबंधन एवं राहत व्यवस्था की निगरानी राहत शाखा के प्रभारी अधिकारी अपर कलेक्टर श्री ओमकार यादव एवं डिप्टी कलेक्टर श्री तुलाराम भारद्वाज कर रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार सुरक्षित भवनों को राहत केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है और बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखा गया है।

प्रभारी कलेक्टर श्री प्रतीक जैन ने नागरिकों से अपील की है कि 20 एवं 21 नवंबर को मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक आवागमन से बचें। तेज बारिश और हवा के दौरान घरों के भीतर रहें तथा पेड़ों, जर्जर मकानों, कमजोर दीवारों, होर्डिंग, बिजली के खंभों और तारों के पास खड़े न हों। उफनती नदी-नालों, रपटों और पुलों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। जलभराव वाले रास्तों से भी दूर रहें। अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

  • जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, कोरबा (24 घंटे): 7759228548
  • एम्बुलेंस सेवा: 108 / 102
  • आपातकालीन सेवा: 112

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगले दो दिन मौसम की दृष्टि से संवेदनशील रहेंगे। ऐसे में किसानों से लेकर आम नागरिकों तक सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासनिक अमला अलर्ट पर है, लेकिन किसी भी संभावित नुकसान को रोकने में जनसहयोग और समय रहते सतर्कता भी अहम भूमिका निभाएगी।

Must Read