पीएम आवास से लेकर जमीन विवाद, अतिक्रमण और स्वरोजगार तक के मामलों पर हुई सुनवाई, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में सोमवार को आयोजित जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियों को जाना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में कुल 81 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें आधार कार्ड में नाम सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण की पात्रता जांच, अवैध नशे के कारोबार पर नियंत्रण, पढ़ाई में सहायता, जाति प्रमाण पत्र, पहुंच मार्ग की समस्या, फौती नामांतरण, स्वरोजगार, भूमि सीमांकन और राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार जैसे मामले शामिल रहे।
इसके अलावा नक्शा कटवाने, अभिलेखों की दुरुस्ती, मुआवजा दिलाने, शिकायतों की जांच, अतिक्रमण हटाने तथा आजीविका से जुड़ी मांगों को लेकर भी नागरिकों ने आवेदन प्रस्तुत किए।
सीईओ प्रतीक जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
जनदर्शन में अपर कलेक्टर ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












