HomeBreaking Newsछत्तीसगढ़ में 1,703 पदों पर निकली सरकारी भर्ती, सहायक ग्रेड-3 के सबसे...

छत्तीसगढ़ में 1,703 पदों पर निकली सरकारी भर्ती, सहायक ग्रेड-3 के सबसे ज्यादा 1,206 पद

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने युवाओं को दिया रोजगार का बड़ा अवसर, 5 नवंबर से आवेदन शुरू, 10 जनवरी 2027 को होगी लिखित परीक्षा

छत्तीसगढ़/रायपुर :-  छत्तीसगढ़ के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती का रास्ता खोल दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत इन पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। खास बात यह है कि कर्मचारी चयन मंडल पहली बार इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा।

- Advertisement -

जारी अधिसूचना के अनुसार सबसे अधिक 1,206 पद सहायक ग्रेड-3 के हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 तथा शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पदों पर भर्ती की जाएगी।

27 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

10 जनवरी को होगी लिखित परीक्षा

भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा प्रदेश के पांचों संभागीय मुख्यालयों में आयोजित होगी।

स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क वापस

छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने पर नियमानुसार परीक्षा शुल्क की राशि उसी बैंक खाते में वापस की जाएगी, जिससे शुल्क का भुगतान किया गया है। भर्ती से संबंधित पदों की विस्तृत जानकारी, पात्रता और ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Must Read