सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने दो वारदातों का किया खुलासा, दो विधि से संघर्षरत बालक भी निरुद्ध; मोबाइल और 6 हजार रुपये बरामद
छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर में दिनदहाड़े राह चलती महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स लूटने वाले आरोपियों को सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने दो अलग-अलग लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी दीपक साहू (28) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों घटनाओं में कुल करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पहली घटना 3 नवंबर 2026 को हुई थी। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत शाम करीब 4:07 बजे पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और उनके हाथ में रखा हैंड पर्स लूटकर फरार हो गए।
दूसरी वारदात 4 नवंबर को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उनका पर्स लूट लिया और मौके से भाग निकले।
महिलाओं से लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दीपक साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए हैं, जबकि खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक घटना में लूटा गया विवो मोबाइल फोन और दोनों मामलों में करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक साहू पिता अमर लाल साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, को 5 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार किया। वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।












