HomeBreaking Newsबोनस और वेतन भुगतान की मांग पर SECL गेवरा कार्यालय का घेराव,...

बोनस और वेतन भुगतान की मांग पर SECL गेवरा कार्यालय का घेराव, 6 नवंबर तक बोनस देने का आश्वासन

बंसल इंफ्राप्रोजेक्ट्स के करीब 150 कर्मचारियों का मामला, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल की मौजूदगी में एक घंटे तक चला प्रदर्शन

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  बंसल इंफ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, गेवरा में कार्यरत करीब 150 कर्मचारियों के लंबित वेतन और बोनस भुगतान की मांग को लेकर गुरुवार को एसईसीएल गेवरा के मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर-राजनीतिक संगठन) के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल भी इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शामिल हुए।

- Advertisement -

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने प्रबंधन के सामने बकाया मेहनताना और बोनस का भुगतान तत्काल करने की मांग रखी। कर्मचारियों का कहना था कि भुगतान में देरी के चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दीपावली का त्योहार नजदीक होने के कारण उनकी चिंता और बढ़ गई है। कर्मचारियों ने मांग की कि त्योहार से पहले उनका लंबित भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे भी अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

मांगों को लेकर करीब एक घंटे तक मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन और घेराव किया गया। इसके बाद प्रबंधन की ओर से 6 नवंबर तक कर्मचारियों का बोनस भुगतान करने का आश्वासन दिया गया। प्रबंधन के इस भरोसे के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

इस दौरान उमागोपाल ने कहा कि मजदूर दिन-रात मेहनत कर कंपनी और खदान के कार्यों में अपना योगदान देते हैं। ऐसे में त्योहार के समय उनका वेतन और बोनस लंबित रखना उचित नहीं है। मजदूरों को अपने ही मेहनताने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें, यह स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को समय पर वेतन और बोनस देना उनकी मेहनत का सम्मान है।

संगठन ने स्पष्ट किया कि मजदूरों के मेहनताने और अधिकारों से जुड़े मामलों में उनकी आवाज लगातार उठाई जाती रहेगी। फिलहाल कर्मचारियों की निगाहें प्रबंधन के आश्वासन पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि 6 नवंबर तक बोनस भुगतान का वादा कितना पूरा होता है।

Must Read