1 नवंबर से 58 की जगह 60 प्रतिशत मिलेगा महंगाई भत्ता और महंगाई राहत, 5.35 लाख कर्मचारी-पेंशनर होंगे लाभान्वित
छत्तीसगढ़/रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीपावली से पहले प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनरों की महंगाई राहत (डीआर) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके बाद आगामी 1 नवंबर 2026 से महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी।
राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लगभग 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों सहित कुल 5 लाख 35 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह और 432 करोड़ रुपये सालाना का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि से कर्मचारियों एवं पेंशनरों को आर्थिक संबल मिलेगा और उनके परिवारों में दीपावली की खुशियां और उल्लास बढ़ेगा।












