बोन मिनरल डेंसिटी और ब्लड शुगर की होगी निःशुल्क जांच, आयुर्वेद विशेषज्ञ देंगे परामर्श
छत्तीसगढ़/कोरबा :- विश्व आर्थराइटिस दिवस के अवसर पर स्वस्थ भारत समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत 12 अक्टूबर 2026, सोमवार को कोरबा के निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स में निःशुल्क जांच, चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद, विश्व हिंदू परिषद एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
शिविर में अंचल के अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा तथा नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में आयुर्वेद में वर्णित 80 प्रकार के वात रोगों से संबंधित समस्याओं के लिए जांच, परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 12 अक्टूबर को विश्व आर्थराइटिस दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य गठिया एवं अन्य वात रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करना और समय पर जांच तथा उचित चिकित्सा परामर्श के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि अस्थियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर में बीएमडी मशीन से बोन मिनरल डेंसिटी (अस्थि खनिज घनत्व) की जांच निःशुल्क की जाएगी। इस जांच का सामान्य मूल्य 2,200 रुपये बताया गया है। जांच के लिए दिल्ली से तकनीशियन आएंगे।
शिविर में रक्त शर्करा यानी ब्लड शुगर की जांच भी निःशुल्क की जाएगी। आयोजकों के अनुसार, शुगर संबंधी औषधि भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही वात रोगों से संबंधित समस्याओं के लिए उपयोगी वातशामक काढ़ा और स्वास्थ्य संबंधी पुस्तिका भी निःशुल्क वितरित की जाएगी।
शिविर में आयुर्वेद, नेचुरोपैथी, पंचकर्म, षटकर्म, योग एवं ग्रह चिकित्सा से संबंधित परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा जरूरत के अनुसार योगाभ्यास एवं प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। विशेषज्ञों द्वारा दिनचर्या, ऋतुचर्या, खानपान एवं जीवनशैली से संबंधित व्यक्तिगत परामर्श देकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
आयोजकों ने अंचलवासियों से शिविर में पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं चिकित्सा परामर्श का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन कराने तथा जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त करने हेतु मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है। इससे शिविर में आने वाले लोगों को अनावश्यक प्रतीक्षा और असुविधा से बचाने में मदद मिलेगी।












