छत्तीसगढ़/रायपुर :- आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार से मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की मांग की है। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के 10 प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्वीकृत 2,660 पदों में से 1,290 फैकल्टी पद खाली हैं। वहीं जिला अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ समेत 5,000 से अधिक पद रिक्त बताए गए हैं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि पर्याप्त फैकल्टी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। आप ने डॉक्टरों के वेतन में कथित विषमता और बॉन्ड नीति पर भी सवाल उठाए। साथ ही सरकारी अस्पतालों में जांच और उपचार के लिए निजी कंपनियों पर निर्भरता तथा आउटसोर्सिंग पर रोक लगाने की मांग की।
आम आदमी पार्टी ने सरकार से मल्टीस्पेशलिटी बोर्ड के गठन, रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्ति तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग की है।












