सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र में अभिनव पहल, आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों तक पहुंचेंगे सुरक्षित और उपयोगी खिलौने
छत्तीसगढ़/कोरबा :- सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जनभागीदारी को बढ़ावा देने विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 23 सितंबर को नगर निगम क्षेत्र में ‘खिलौना दान रथ’ निकाला जाएगा। इस पहल का उद्देश्य घरों में उपयोग में नहीं आने वाले, लेकिन सुरक्षित और उपयोग योग्य खिलौनों को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाना है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बच्चों के बड़े हो जाने के बाद घर में रखे ऐसे खिलौने, जिनका अब उपयोग नहीं हो रहा है, उन्हें घर में पड़े रहने देने के बजाय आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए दान करें। इसके लिए खिलौने साफ-सुथरे, सुरक्षित और बच्चों के उपयोग के योग्य होने चाहिए।
एक खिलौना, किसी बच्चे के लिए बड़ी खुशी
‘खिलौना दान रथ’ के माध्यम से लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि किसी के घर में पड़ा एक अतिरिक्त खिलौना किसी दूसरे बच्चे के लिए खुशी का कारण बन सकता है। खिलौना केवल खेलने का साधन नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पनाशीलता, सीखने और रचनात्मकता को बढ़ाने का माध्यम भी है।
23 सितंबर को जब ‘खिलौना दान रथ’ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से गुजरेगा, तब लोग अपने घर से एक उपयोगी खिलौना दान कर इस अभियान में सहभागी बन सकते हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से संवेदनशील भागीदारी की अपील करते हुए कहा है कि घर की छोटी-सी खुशी किसी अन्य बच्चे के बचपन में बड़ी मुस्कान ला सकती है।
आइए, घर में रखे एक अतिरिक्त खिलौने को किसी बच्चे की नई खुशी बनाएं और सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का रूप दें।












