HomeBreaking NewsSECL दीपका में मजदूरों के हक की आवाज, क्रान्ति सेना ने GM...

SECL दीपका में मजदूरों के हक की आवाज, क्रान्ति सेना ने GM से की शिकायत

जय अम्बे कंपनी में ड्राइवरों की समस्याओं को लेकर कार्यालय में नारेबाजी, काम से बैठाए ड्राइवर को वापस लेने की बात

छत्तीसगढ़/दीपका :-  SECL दीपका क्षेत्र के अधीन संचालित जय अम्बे कंपनी में ड्राइवर मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने आवाज उठाई। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता SECL दीपका प्रोजेक्ट कार्यालय पहुंचे और प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक (GM) से मुलाकात कर मजदूरों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा।

- Advertisement -

संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि जय अम्बे कंपनी में पर्याप्त संख्या में ड्राइवर मजदूरों को काम पर नहीं रखा जा रहा है। वहीं, एक ड्राइवर को काम से बैठाए जाने का मामला भी GM के समक्ष उठाया गया। संगठन ने मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिलने तथा कंपनी के अंदर अधिकारियों द्वारा ड्राइवर मजदूरों से कथित रूप से पैसे लिए जाने की शिकायत भी रखी।

मजदूरों की समस्याओं को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने SECL दीपका प्रोजेक्ट कार्यालय परिसर में नारेबाजी की। इस दौरान कार्यालय परिसर में काफी देर तक नारे गूंजते रहे। संगठन ने मजदूरों की समस्याओं के निराकरण की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SECL दीपका प्रोजेक्ट के GM ने जय अम्बे कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की। चर्चा के बाद मामले को शांत कराने का प्रयास किया गया। वहीं, काम से बैठाए गए संबंधित ड्राइवर को वापस काम पर रखने की बात सामने आई।

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल ने कहा कि ड्राइवर और मजदूरों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मजदूरों को समय पर मेहनताना मिले और उनके साथ किसी भी प्रकार का शोषण न हो, इसके लिए संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा।

उन्होंने कहा कि मजदूर अपने हक और अधिकार के लिए अकेले नहीं हैं। अन्याय के खिलाफ छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना हमेशा मजदूरों के साथ खड़ी रहेगी। मजदूरों का हक मजदूरों को मिलना चाहिए और शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Must Read