HomeBreaking Newsचोरी की सूचना देने पर युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

चोरी की सूचना देने पर युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग सहित चार के खिलाफ कार्रवाई, तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  चोरी की जानकारी दुकान मालिक को देने से नाराज होकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अजय सिदार (23 वर्ष), निवासी चाकाबुड़ा छिछमेपारा, थाना बांकीमोंगरा ने 10 सितंबर 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 9 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे उसने गांव के सल्हियापारा स्थित एक दुकान के पुराने घर से कान्हा अगरिया, बिज्जू और सोनू अगरिया को चोरी का सामान ले जाते देखा था। इसकी जानकारी उसने दुकान मालिक को दे दी थी।

इसी बात से नाराज होकर 9 सितंबर की रात करीब 9 बजे तालाब के पास कान्हा अगरिया, बिज्जू, सोनू अगरिया और एक विधि से संघर्षरत बालक ने अजय को घेर लिया। आरोपियों ने दुकान मालिक को चोरी की जानकारी देने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए हाथ, मुक्का और लात से उसके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने अजय का गला दबाने का भी प्रयास किया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर लगातार वार कर दिया। हमले में अजय के सिर में गंभीर चोट आई।

मामले में थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) एवं 109(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने कन्हैयालाल अगरिया उर्फ कान्हा (19 वर्ष), पिता राजेंद्र सिंह अगरिया, विजय कुमार अगरिया उर्फ बिज्जू (20 वर्ष), पिता समार सिंह तथा राहुल सिंह अगरिया उर्फ सोनू (20 वर्ष), पिता समर्थ सिंह अगरिया को हिरासत में लिया। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद विधिवत कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Must Read