17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, कोरबा में व्यापक तैयारियां
छत्तीसगढ़/कोरबा :- भाजपा जिला कार्यालय कोरबा में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के सफलतम 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित किए जाने वाले विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी।
नारायण चंदेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने वाला व्यापक जन अभियान है। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’ तथा ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इसी विशेष अवसर को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने इस वर्ष सेवा पखवाड़े को व्यापक स्वरूप देते हुए एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। भाजपा कार्यकर्ता जनभागीदारी के साथ सेवा के इस भाव को आगे बढ़ाएंगे।
17 सितंबर से शुरू होगा अभियान, कोरबा में बड़े स्तर पर तैयारी
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी, जो 17 अक्टूबर तक निरंतर चलेगा। अभियान को लेकर कोरबा जिले में बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जागेश लांबा, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा तथा एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












