लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा, सूर्यघर योजना सहित स्वरोजगार योजनाओं में त्वरित ऋण स्वीकृति के निर्देश
कोरबा, 25 अगस्त 2026। शासकीय योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए पात्र हितग्राहियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं पुनरीक्षा समिति की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों, ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने बैंकर्स को निर्देशित किया कि विभागों से प्राप्त ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करें। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूहों की महिलाओं, बेरोजगार युवाओं और स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में बैंक अधिकारियों की सक्रिय भूमिका जरूरी है।
उन्होंने बैंकवार एवं शाखावार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में परीक्षण किया जाए। अस्वीकृत प्रकरणों में स्पष्ट एवं वस्तुनिष्ठ कारण दर्ज किए जाएं, जबकि अपूर्ण आवेदनों को आवश्यक मार्गदर्शन के साथ संबंधित विभागों को वापस भेजा जाए, ताकि कमियों को दूर कर उनका पुनः परीक्षण किया जा सके।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना पर विशेष जोर
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत बैंकों को भेजे गए और लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने योजना को प्राथमिकता वाली योजना बताते हुए पात्र हितग्राहियों के आवेदनों का शीघ्र परीक्षण कर ऋण स्वीकृति और वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इससे जोड़ने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे व्यवसायियों को वित्तीय सहायता देकर उनके स्वरोजगार को मजबूत करना योजना का उद्देश्य है, इसलिए पात्र प्रकरणों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों और बैंकर्स को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागों को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनके ऋण प्रकरण बैंकों को भेजने तथा बैंक एवं विभाग आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, लीड बैंक मैनेजर श्री कृष्णा भगत, आरबीआई, नाबार्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जिले की बैंक शाखाओं के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

















