HomeBreaking Newsखाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रक्षाबंधन से पहले कसा शिकंजा, 8...

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रक्षाबंधन से पहले कसा शिकंजा, 8 खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए सैंपल, मां सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर का ₹10 हजार का माल सीज

“बने खाबो–बने रिहबो 2.0” अभियान के तहत 17 से 23 अगस्त तक सघन जांच और जन-जागरूकता अभियान

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य में बने खाबो–बने रिहबो 2.0” के तहत 17 से 23 अगस्त 2026 तक सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।   

- Advertisement -

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा अगस्त माह की शुरुआत से ही विभिन्न दूध डेयरियों, मिठाई दुकानों, ढाबों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। अब तक दिए गए विवरण के अनुसार कुल 8 खाद्य प्रतिष्ठानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।   

6 अगस्त को कटघोरा स्थित अमृततुल्य दूध डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया।

7 अगस्त को दीपका स्थित अन्नपूर्णा एवं शिवम डेयरी से दूध तथा टीपी नगर स्थित मां कालिका डेयरी से पनीर एवं खोवा के नमूने लिए गए।

11 अगस्त को गौमाता चौक, इमलीडुग्गू स्थित टाटा मिक्सचर फैक्ट्री से मिक्सचर तथा बुधवानी प्रॉडक्ट्स से मावा बर्फी का नमूना लिया गया।

13 अगस्त को सांझा चूल्हा ढाबा से पका हुआ चावल एवं आटा का नमूना जांच के लिए लिया गया।

मां सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

इसी क्रम में 17 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गौमाता चौक, सीतामढ़ी स्थित मां सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर का निरीक्षण किया। टीम द्वारा यहां से नारियल लड्डू एवं मसूर पाक के नमूने जांच के लिए लिए गए।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर लगभग ₹10 हजार मूल्य के खाद्य माल को सीज कर दिया गया। लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है। विभाग की टीम द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए जा रहे हैं और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Must Read