HomeBreaking Newsमिनीमाता बांगो बांध के 7 गेट खोले गए, हसदेव नदी में छोड़ा...

मिनीमाता बांगो बांध के 7 गेट खोले गए, हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा 27,786 क्यूसेक पानी

जलाशय का जलस्तर 358.60 मीटर पहुंचा, 93.65 प्रतिशत भरा बांध; लगातार बढ़ रही पानी की आवक के चलते जल प्रबंधन के लिए गेट खोले गए

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  मिनीमाता बांगो बांध में लगातार बढ़ रही पानी की आवक के बीच जलाशय का जलस्तर शनिवार सुबह 9:35 बजे 358.60 मीटर दर्ज किया गया। बांध अपनी कुल क्षमता का 93.65 प्रतिशत भर चुका है। पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए जलाशय के 7 गेट खोलकर हसदेव नदी में नियंत्रित मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है।

- Advertisement -

कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. भारती के अनुसार जलाशय के गेट क्रमांक 3 को 0.40 मीटर, गेट क्रमांक 4 को 0.50 मीटर, गेट क्रमांक 5 को 0.50 मीटर, गेट क्रमांक 6 को 0.50 मीटर, गेट क्रमांक 7 को 0.50 मीटर, गेट क्रमांक 8 को 0.50 मीटर तथा गेट क्रमांक 9 को 0.40 मीटर खोला गया है।

इन सातों गेटों से कुल 18,786 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार मिनीमाता बांगो बांध से हसदेव नदी में कुल 27,786 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है।

बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन की नजर

बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ने के कारण जलाशय के जलस्तर और नदी के प्रवाह पर लगातार नजर रखी जा रही है। गेटों को खोलकर पानी की निकासी नियंत्रित की जा रही है, ताकि जलाशय में बढ़ते जलभराव का समुचित प्रबंधन किया जा सके।  हसदेव नदी एवं बांध के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए सतर्क रहने और नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की जाती है।

Must Read