HomeBreaking Newsबांगो जलाशय में 92.48% जलभराव, कभी भी खोला जा सकता है गेट

बांगो जलाशय में 92.48% जलभराव, कभी भी खोला जा सकता है गेट

हसदेव नदी में बढ़ सकती है पानी की धार, प्रशासन ने बाढ़ क्षेत्र से परिसंपत्तियां हटाने जारी किया अलर्ट; जिले में अब तक 685.2 मिमी औसत बारिश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  लगातार हो रही बारिश के बीच कोरबा जिले के मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में जलभराव तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार रात 7.45 बजे तक जलाशय में 92.48 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया। जलाशय में पानी की आवक लगातार बढ़ने के कारण जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए संकेत दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर बांगो बांध के गेट कभी भी खोले जा सकते हैं, जिससे हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जाएगा।

- Advertisement -

जलाशय के कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. भारती ने सर्वसाधारण, संबंधित संस्थानों, खनिज खदान ठेकेदारों और औद्योगिक इकाइयों को सावधानी बरतने की अपील की है। बांध के नीचे हसदेव नदी के किनारे तथा बाढ़ क्षेत्र में स्थापित चल-अचल परिसंपत्तियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की सूचना दी गई है।

बाढ़ क्षेत्र में मुनादी के निर्देश

जल संसाधन विभाग ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी की मुनादी कराने के निर्देश भी दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक बाढ़ की स्थिति में होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में संचालित संस्थानों से विशेष सतर्कता बरतने कहा गया है।

बाढ़ क्षेत्र में आने वाले संभावित गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला आदि शामिल हैं।

बारिश ने बढ़ाई जलाशय में पानी की आवक

जिले में लगातार हो रही बारिश का सीधा असर बांगो जलाशय के जलस्तर पर पड़ा है। एक जून से 14 अगस्त तक कोरबा जिले में 685.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में भी जिले में 13.5 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड हुई है।

तहसीलवार वर्षा की स्थिति देखें तो कोरबा में 760.4 मिमी, अजगरबहार में 536.5 मिमी, भैंसमा में 624.4 मिमी, करतला में 657.3 मिमी, बरपाली में 711.9 मिमी, कटघोरा में 696.6 मिमी, दीपका में 770.5 मिमी, दर्री में 808.5 मिमी, पाली में 743 मिमी, हरदीबाजार में 560 मिमी, पोड़ी उपरोड़ा में 689.4 मिमी तथा पसान में 662.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

नदी किनारे रहने वालों से विशेष सतर्कता की अपील

बांगो जलाशय के 92 प्रतिशत से अधिक भर जाने और पानी की आवक बढ़ने के बाद आने वाले समय में जलाशय का गेट खोले जाने की संभावना को देखते हुए हसदेव नदी के आसपास रहने वाले लोगों के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी हो गया है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग द्वारा जारी अलर्ट के मद्देनजर नदी के किनारे जाने, जलधारा के करीब रहने तथा बाढ़ क्षेत्र में परिसंपत्तियां रखने से बचने की अपील की गई है।

लगातार बारिश, बढ़ता जल आवक और 92.48 प्रतिशत जलभराव के बीच बांगो बांध अब हाई अलर्ट की स्थिति में है। यदि जलाशय में पानी की आवक इसी तरह बढ़ता रहा तो बांध के गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा सकता है। ऐसे में नदी किनारे बसे गांवों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से लेना आवश्यक है।

Must Read