HomeBreaking Newsयुद्ध स्तर पर पूरा हो निर्माण, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं :...

युद्ध स्तर पर पूरा हो निर्माण, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : स्वास्थ्य मंत्री

निर्माणाधीन स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय का स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया निरीक्षण

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गुरुवार को भुलसीडीह स्थित निर्माणाधीन स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर का विस्तृत अवलोकन कर निर्माण कार्य की प्रगति, कार्ययोजना और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।

- Advertisement -

निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध निदेशक श्री संजीव झा, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. केके सहारे, डॉ. यूएस पैकरा, डॉ. गोपाल कंवर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री श्री जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए मास्टर प्लान एवं निर्माण कार्य के वर्क प्लान का अवलोकन किया। अधिकारियों ने परिसर में विकसित की जा रही सुविधाओं और निर्माण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने फेज-01 एवं फेज-02 के कार्यों की पृथक-पृथक प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

हॉस्टल, पार्किंग और अन्य सुविधाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने प्रस्तावित गर्ल्स एवं बॉयज हॉस्टल, पार्किंग, डायनिंग एरिया, इनडोर स्टेडियम, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अधोसंरचना का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा होना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण में निर्धारित मापदंडों एवं तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा निर्माण की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

नर्सिंग कॉलेज का काम शीघ्र शुरू कराने के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज के निर्माण की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी लेते हुए नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज परिसर में होगा वृहद पौधरोपण

मंत्री श्री जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज परिसर को हरित एवं आकर्षक स्वरूप देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कलेक्टर को परिसर में वृहद पौधरोपण की कार्ययोजना तैयार करने तथा पर्याप्त संख्या में छायादार एवं पर्यावरण अनुकूल पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर हरित क्षेत्र विकसित होने से विद्यार्थियों, मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल के स्टाफ को स्वच्छ एवं सुखद वातावरण मिलेगा।

मंत्री ने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और निर्माण में आने वाली बाधाओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Must Read