‘सजग कोरबा–सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत निर्मला स्कूलों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, डीएसपी ज्योत्सना चौधरी ने बताए सुरक्षित ड्राइविंग के नियम
छत्तीसगढ़/कोरबा :- पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को यातायात थाना, कोरबा द्वारा निर्मला इंग्लिश स्कूल, पुलिस लाइन तथा निर्मला स्कूल, कोसाबाड़ी में विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 
कार्यक्रम में डीएसपी सुश्री ज्योत्सना चौधरी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया अथवा अन्य मोटर वाहन नहीं चलाने की समझाइश देते हुए कहा कि यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता व परिजनों को भी हेलमेट, सीट बेल्ट तथा अन्य सुरक्षा नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।












