HomeBreaking News9 लाख की इमारती लकड़ी और क्रेन जब्त, अमानत में खयानत के...

9 लाख की इमारती लकड़ी और क्रेन जब्त, अमानत में खयानत के मामले में एक गिरफ्तार

प्रारंभिक जांच से बड़ा खुलासा, सात पेड़ों से बढ़कर 20.169 घन मीटर लकड़ी बरामद, पूरे मामले की जांच जारी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन और अमानत में खयानत के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी और परिवहन में प्रयुक्त एक क्रेन जब्त की है। बरामद लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।   

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत पर थाना सिविल लाइन रामपुर में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया था कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व भूमि में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से वृक्षों की कटाई का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान सात पेड़ों से प्राप्त इमारती लकड़ी के अनधिकृत परिवहन की जानकारी मिलने पर अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों के विश्लेषण और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर जांच का दायरा कोरबा से रायपुर-अभनपुर तक पहुंचा।

प्रदेश स्तरीय संयुक्त कार्रवाई के दौरान लगभग 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी बरामद की गई। साथ ही लकड़ी के परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल की गई एक क्रेन भी जब्त की गई।

पुलिस ने मामले में सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 673/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस और संबंधित विभाग अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रहे हैं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद इमारती लकड़ी का वास्तविक स्रोत क्या है, अवैध परिवहन में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा पूरे मामले में किसी अन्य की भूमिका तो नहीं है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Must Read