HomeBreaking Newsराज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा: जेल में बनी दोस्ती, रिहाई के बाद...

राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा: जेल में बनी दोस्ती, रिहाई के बाद रची वारदात की साजिश; दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूटकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके थे। जेल में ही उनकी आपस में दोस्ती हुई और रिहाई के बाद उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1 बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले मौजूद थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से अपना चेहरा ढंक रखा था, जबकि एक आरोपी महिला के वेश में था। आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने का बहाना बनाया, फिर दुकान का दरवाजा बंद कर दिया। एक आरोपी ने देशी कट्टा निकालकर दुकानदार की छाती पर तान दिया, जबकि दूसरे ने आंखों में मिर्च पाउडर डालने की कोशिश की। इसी बीच तीसरा आरोपी बैग में आभूषण भरने लगा। बाहर लोगों की आहट और भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय वे चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टा घटनास्थल पर ही छोड़ गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साइबर तकनीक तथा मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगलों के रास्ते लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई इलाकों में दबिश दी।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड (38) निवासी घुचापुर और परदेशी राठिया (40) निवासी जिलगा (बरपाली) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों पहले घटना से इंकार करते रहे, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों के सामने उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। मामले का तीसरा आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया निवासी कोलगा अभी फरार है।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल की सजा काट चुके थे। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई और वहीं से रिहाई के बाद बड़ी लूट की योजना बनाई गई। योजना के तहत चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इंतजाम कर छुरी स्थित राज ज्वेलर्स को निशाना बनाया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस पूरे ऑपरेशन में थाना कटघोरा पुलिस, साइबर सेल और विशेष टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Must Read