HomeBreaking Newsलोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

यूट्यूब से सीखे ठगी के तरीके, लोगों को बनाता था शिकार

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  साइबर पुलिस थाना कोरबा ने “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को कम किश्तों पर बैंक लोन दिलाने का लालच देकर उनसे रकम ऐंठता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार मेहर (25 वर्ष) निवासी जिला सक्ती, विभिन्न लोगों के नाम पर सिम कार्ड हासिल कर साइबर अपराध करता था और बाद में साक्ष्य मिटाने के लिए सिम कार्ड नष्ट कर देता था। आरोपी ने पूछताछ में वर्ष 2023 में भी एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है।
हाल ही में आरोपी ने रूमगढ़ा चौक क्षेत्र की एक महिला को मात्र 11 हजार रुपये मासिक किश्त पर 5 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद महिला के मोबाइल में संचालित फोनपे के माध्यम से 40,500 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करवा लिए और रकम निकालकर अपने कब्जे में ले ली।
साइबर थाना कोरबा में दर्ज अपराध की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ठगी की राशि में से 27,070 रुपये नगद बरामद कर जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी ललित कुमार चंद्रा सहित साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लोन, निवेश योजना या ऑनलाइन ऑफर के संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Must Read