छत्तीसगढ़/कोरबा :- कुसमुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम भैरोताल (कपाटमुड़ा) में एक किसान की वैध बाउंड्री वॉल को ट्रैक्टर से क्षतिग्रस्त करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने कुसमुंडा थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भैरोताल निवासी दुबे लाल पटेल (40 वर्ष) के घर के सामने स्थित निजी भूमि पर निर्मित बाउंड्री वॉल को गुरुवार सुबह लगभग 8.30 बजे गांव के ही हीरालाल पटेल द्वारा ट्रैक्टर से टक्कर मारकर गिरा दिए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित भूमि एवं रास्ते को लेकर पूर्व में राजस्व विभाग के पटवारी एवं आरआई द्वारा सीमांकन किया जा चुका है, जिसमें उक्त स्थान पर किसी सार्वजनिक रास्ते का उल्लेख नहीं पाया गया था तथा निर्माण को वैध बताया गया था।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बाउंड्री वॉल तोड़े जाने का विरोध करने पर आरोपी ने परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के समय मौके पर मौजूद ग्रामीणों को प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।
घटना के बाद दुबे लाल पटेल ने कुसमुंडा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम एवं तहसीलदार को भी भेजी गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई का सामना कर चुका है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।
कुसमुंडा में किसान की बाउंड्री वॉल तोड़ने का आरोप, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी का मामला













