166 मतदाता चुनेंगे नई कार्यकारिणी, मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. छेदीलाल अग्रवाल ने जारी की चुनाव अधिसूचना
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा प्रेस क्लब के वर्ष 2026-28 के चुनाव की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. छेदीलाल अग्रवाल ने रविवार को चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया तिलक भवन, टी.पी. नगर स्थित कोरबा प्रेस क्लब परिसर में संपन्न होगी। इस बार कुल 166 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई कार्यकारिणी का चयन करेंगे।
चुनाव के तहत संरक्षक, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, उपसचिव और कोषाध्यक्ष के एक-एक पद के अलावा तीन कार्यकारिणी सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। चुनाव को लेकर पत्रकारों में उत्साह का माहौल है और विभिन्न पदों के लिए दावेदारों ने अपनी सक्रियता भी बढ़ा दी है। 
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. छेदीलाल अग्रवाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 9 जून को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। 10 जून को दावा-आपत्ति और उसके निराकरण के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। 11 जून को नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होगी, जबकि 12 जून को नामांकन दाखिल करने के साथ ही प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद उसी दिन अंतिम प्रत्याशी सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
13 जून को नाम वापसी के पश्चात अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। इसके बाद 14 जून, रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा शाम 4 बजे से मतगणना कर परिणामों की घोषणा की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. छेदीलाल अग्रवाल ने सभी सदस्यों से लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव में सहयोग करने की अपील की है।
प्रमुख पद
- संरक्षक – 1
- अध्यक्ष – 1
- उपाध्यक्ष – 1
- सचिव – 1
- उपसचिव – 1
- कोषाध्यक्ष – 1
- कार्यकारिणी सदस्य – 3
14 जून को मतदान, उसी दिन शाम 4 बजे से मतगणना एवं परिणाम की घोषणा की जाएगी।













