कोरकोमा में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन और केराकछार प्राथमिक शाला को मॉडल स्कूल बनाने की घोषणा
छत्तीसगढ़/कोरबा :- मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की मंशा के अनुरूप जिले में आयोजित सुशासन तिहार के तहत गुरुवार को कोरबा विकासखंड के ग्राम केराकछार में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर Kunal Dudawat ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई महत्वपूर्ण मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
शिविर में 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान कुल 641 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 163 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराने की अपील करते हुए बताया कि 15 मई से 15 जून तक पंजीयन अभियान चलाया जाएगा। इससे किसानों को धान विक्रय सहित अन्य योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
उन्होंने बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा 90 प्रतिशत तक सब्सिडी दिए जाने की जानकारी दी तथा किसानों को सामूहिक रूप से 8 से 10 एकड़ में बागवानी करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पशुपालन और मत्स्य पालन को अतिरिक्त आय का बेहतर माध्यम बताया।
कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर सिंचाई सुविधा विस्तार के लिए डेम और बांध निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया गया है। उन्होंने महिलाओं के स्व-सहायता समूहों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।
शिविर में डिजिटल सेवाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 के माध्यम से 442 ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीणों की मांगों पर सहमति देते हुए कलेक्टर ने कोरकोमा में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण को डीएमएफ मद से स्वीकृति देने की घोषणा की। साथ ही कोरकोमा-रजगामार सड़क निर्माण को एसईसीएल की सीएसआर मद से कराने, केरवाद्वारी से केराकछार मार्ग पर पुलिया निर्माण तथा वर्ष 1979 से संचालित प्राथमिक शाला केराकछार को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की सहमति भी दी।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती Beejmoti Rathia, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती Renuka Rathia, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, एसडीएम श्री सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













