HomeBreaking Newsसर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा पर कोरबा पुलिस अलर्ट, गोल्ड लोन कंपनियों संग...

सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा पर कोरबा पुलिस अलर्ट, गोल्ड लोन कंपनियों संग हुई हाईलेवल बैठक

“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पुलिस ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में बढ़ते आर्थिक अपराधों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोरबा पुलिस ने सर्राफा कारोबारियों एवं गोल्ड लोन कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी पहल की है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा में सर्राफा व्यापारियों, गोल्ड लोन कंपनियों एवं वित्तीय संस्थानों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

- Advertisement -

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही भविष्य में बड़ी घटनाओं का कारण बन सकती है, इसलिए सभी व्यापारी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें।

बैठक के दौरान प्रत्येक सर्राफा दुकान एवं गोल्ड लोन कार्यालय में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखी जाए तथा समय-समय पर उसकी जांच भी कराई जाए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके। दुकान के अंदर और बाहर दोनों स्थानों की स्पष्ट निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को प्रशिक्षित एवं सत्यापित सुरक्षा गार्ड रखने, प्रतिष्ठानों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा नगदी और आभूषणों के परिवहन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। इसके अलावा दुकान में कार्यरत सभी कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड—जैसे पता, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की प्रतिलिपि—सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर भी व्यापारियों को सतर्क किया गया। पुलिस ने कहा कि दुकान में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखें तथा मास्क पहनकर आने वाले लोगों को बिना पहचान सुनिश्चित किए कीमती सामान न सौंपें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 को सूचना देने की अपील की गई।

कोरबा police ने स्पष्ट किया कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आम नागरिकों, व्यापारियों एवं संस्थानों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। पुलिस प्रशासन द्वारा आगे भी जिलेभर में ऐसे जागरूकता अभियान और सुरक्षा बैठकें लगातार आयोजित की जाएंगी।

Must Read