HomeBreaking Newsलू से बचाव को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग की...

लू से बचाव को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात, भीषण गर्मी को देखते हुए एडवाइजरी जारी, शिविर स्थलों पर ओआरएस, पेयजल और एंबुलेंस की व्यवस्था के निर्देश

कलेक्टर के सख्त निर्देश—पानी, बिजली और आवेदनों के निराकरण पर फोकस, सुशासन तिहार को लेकर तैयारी तेज, स्वास्थ्य टीम तैनात, हैंडपंप मरम्मत व प्याऊ व्यवस्था अनिवार्य

छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने समय-सीमा की बैठक में स्वास्थ्य विभाग को लू से बचाव एवं उपचार के लिए टीमों को तैनात रखने और आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि 1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले सुशासन तिहार के दौरान आम जनता से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवधि में अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध भी लगाया गया है, ताकि कार्य प्रभावित न हो।     

- Advertisement -

शिविरों में राहत और स्वास्थ्य सुविधा अनिवार्य
सुशासन तिहार के तहत लगने वाले शिविरों में पेयजल, ओआरएस, स्वास्थ्य कर्मियों और एंबुलेंस की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही छाया, पंखे और कूलर की व्यवस्था कर गर्मी से राहत देने पर विशेष जोर दिया गया है।     

पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्ती
कलेक्टर ने जिले में पेयजल संकट से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। खराब हैंडपंपों की त्वरित मरम्मत, नए बोर खनन, पानी टंकी स्थापना और जरूरत पड़ने पर टैंकर से पानी उपलब्ध कराने को कहा गया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी को भी नदी या ढोढ़ी का पानी पीने की नौबत नहीं आनी चाहिए।
सार्वजनिक स्थानों—बस स्टैंड, बाजार, बैंक, कलेक्ट्रेट व ग्राम पंचायतों में प्याऊ की व्यवस्था करने और मिट्टी के घड़े व ग्लास उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बिजली व्यवस्था पर कड़ी नजर
बिजली विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत मिलते ही तत्काल बदलें और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें। सभी विद्युत शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया।

किसानों और योजनाओं पर फोकस

लंबित राजस्व, पेंशन व राशन कार्ड आवेदनों का शीघ्र निराकरण, धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन 31 मई से पहले अनिवार्य, खाद एवं बीज भंडारण व वितरण की निगरानी, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में प्रगति बढ़ाने के निर्देश, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत युवाओं का चयन, प्रशिक्षण व काउंसिलिंग

ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन करने पर जोर, ज्ञानभारतम पांडुलिपि सर्वेक्षण में तेजी लाने के निर्देश, पीएमओ, जनदर्शन व अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश, कलेक्टर के निर्देशों से साफ है कि प्रशासन गर्मी और लू से बचाव के साथ-साथ जनसमस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह गंभीर है। सुशासन तिहार के जरिए आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन ने सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ काम करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Must Read