छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने रात्रि गश्त को और सख्त कर दिया है। देर रात बिना उचित कारण के घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखते हुए पिछले 15 दिनों में 170 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। 
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है जो पूछताछ के दौरान संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाते। इन सभी मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 128 के तहत कार्रवाई की गई है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य रात के समय होने वाली चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण करना, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस लगातार संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाकर अपराधियों पर नजर बनाए हुए है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे रात में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर जाना पड़े तो अपने पहचान पत्र साथ रखें और जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें। पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर इसी तरह सख्ती आगे भी जारी रहेगी, ताकि जिले में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके











