“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई, हथियार व साक्ष्य बरामद
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा जिले में घरेलू विवाद एक बार फिर खौफनाक मोड़ लेता नजर आया, जहां पत्नी पर चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना बालकोनगर अंतर्गत चौकी रजगामार क्षेत्र के ग्राम नयाडीह बुंदेली स्थित दा हिंदू पोल्ट्री फार्म में कार्यरत सालिक राम यादव (48 वर्ष) ने अपनी पत्नी चेतकुंवर की घरेलू विवाद के चलते हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसमें चरित्र शंका को लेकर विवाद और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों व गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस की सक्रियता साफ नजर आई। आरोपी को 23 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अपील:
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते गंभीर घटनाओं को रोका जा सके।











