छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना (गैर-राजनीतिक संगठन) जिला कोरबा में उस समय उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई, जब आदिवासी समाज के युवा एवं कर्मठ कार्यकर्ता के. सी. कुमार कंवर को जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इस नियुक्ति को संगठन के लिए नई ऊर्जा और मजबूती का प्रतीक माना जा रहा है।
के. सी. कुमार कंवर आदिवासी समाज के एक सक्रिय, संघर्षशील और क्रांतिकारी युवा नेता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। वे लंबे समय से सामाजिक हित, जनजागरण, छत्तीसगढ़िया अस्मिता और आदिवासी अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करते आ रहे हैं।
विशेष रूप से हसदेव पद यात्रा में उनकी भूमिका बेहद सराहनीय रही। इस यात्रा के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और आदिवासी अधिकारों के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाया। उनके नेतृत्व और मेहनत से हजारों लोगों को जोड़कर इस आंदोलन को नई दिशा और मजबूती मिली।
संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि कुमार कंवर के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और जुझारू स्वभाव से छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना जिला कोरबा में और अधिक सशक्त होगी। वे आने वाले समय में समाज, पर्यावरण और जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य करेंगे।
संगठन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे समर्पित युवा नेता के हाथों में नेतृत्व सौंपना संगठन के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए के. सी. कुमार कंवर ने कहा कि वे पूरे समर्पण के साथ आदिवासी समाज, छत्तीसगढ़िया हितों और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।













