जैजैपुर :- 4 फरवरी विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर वर्ल्ड कैंसर डे 2026 की थीम “यूनाइटेड बाय यूनीक” को केंद्र में रखते हुए लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 सी के डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट अवेयरनेस ऑफ पीडियाट्रिक कैंसर के अंतर्गत तथा “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत लायंस क्लब एवरेस्ट (क्लब नंबर 096456) के तत्वावधान में स्त्री, पुरुष एवं बच्चों में होने वाले सभी प्रकार के कैंसर को लेकर जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 
यह विशेष शिविर बुधवार, 4 फरवरी 2026 को पतंजलि आरोग्य केंद्र, जैजैपुर में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए पतंजलि आरोग्य केंद्र जैजैपुर के संचालक सुरेंद्र यादव ने बताया कि इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रांत के ख्यातिलब्ध आयुर्वेद चिकित्सक, लायंस क्लब एवरेस्ट के सचिव एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे। शिविर में उपस्थित कैंसर रोगियों को आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श के साथ-साथ उनके लाइफ-स्टाइल, खान-पान एवं दिनचर्या से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में रोगियों को योग एवं प्राणायाम का निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त हो सकें। यह पहल विश्व कैंसर दिवस के मूल उद्देश्य—जागरूकता, रोकथाम और सकारात्मक जीवनशैली—को मजबूती प्रदान करती है।
शिविर की एक विशेष उपलब्धि के रूप में सभी उपस्थित लोगों को सभी प्रकार के कैंसर के लिए उपयोगी “एंटी कैंसर क्वाथ” निःशुल्क पिलाया जाएगा।
सुरेंद्र यादव ने अंचलवासियों से अपील की है कि वे विश्व कैंसर दिवस पर आयोजित इस विशेष आयुर्वेद-योग चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर का लाभ लेने हेतु पंजीयन, जांच एवं समय निर्धारण के लिए मोबाइल नंबर 7974353129 पर संपर्क किया जा सकता है, जिससे शिविरार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।













