छत्तीसगढ़/कोरबा :- (दीपका) छत्तीसगढ़ जय अम्बे कंपनी के जनरल मैनेजर (जीएम) विकास प्रताप सिंह, कंचन यादव और चार गनमैन पर कंपनी के ड्राइवरों के साथ गाली-गलौज, अपमान और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना की शिकायत ड्राइवरों ने दीपका थाना और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) दीपका के मुख्य महाप्रबंधक से की है।
ड्राइवरों ने बताया कि विकास प्रताप सिंह और कंचन यादव ने चार गनमैन के साथ मिलकर उनके साथ अभद्र भाषा में गाली-गलौज किया, अपमानित किया और बंदूक दिखाकर डराने की कोशिश की। इस घटना ने ड्राइवरों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
इसी बीच, उमागोपाल प्रदेश संगठन मंत्री छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना गैर राजनीतिक संगठन ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवरों का समर्थन किया और जय अम्बे कंपनी को सख्त हिदायत दी कि मजदूरों के साथ इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कंपनी से मजदूरों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने की मांग की।
दीपका थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्राइवरों ने SECL के मुख्य महाप्रबंधक को लिखित शिकायत सौंपी है, जिसमें सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। ड्राइवरों का कहना है कि इस तरह का व्यवहार उनके काम के माहौल को प्रभावित कर रहा है और उनकी सुरक्षा को खतरा पैदा कर रहा है।
स्थानीय समुदाय और कर्मचारी संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। जय अम्बे कंपनी के प्रबंधन या आरोपित व्यक्तियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस और SECL प्रशासन से इस मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच की उम्मीद की जा रही है।


















