एक दिन के विशेष अभियान में 36 शराबी चालक और 39 बिना नंबर प्लेट वाहन चालकों पर कार्रवाई, सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का सख्त संदेश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर हजारों वाहन चालकों की जांच की।

अभियान के दौरान पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों की जांच की। जांच में 36 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा 39 बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि संबंधित मामलों में नियमानुसार आगे न्यायालयीन प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है तथा आवश्यक प्रकरणों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत भी विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। 
दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की पहल
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी शामिल है। नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है, जिससे गंभीर हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। 
बिना नंबर प्लेट वाहन भी पुलिस के निशाने पर
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों पर विशेष फोकस रखा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऐसे वाहन अपराध की घटनाओं में पहचान छिपाने का माध्यम बन सकते हैं। इसलिए बिना वैध नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है। भविष्य में भी जिलेभर में नियमित और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं, वाहन पर निर्धारित नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगाएं तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि छोटी-सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखे।










