रात से सुबह तक बढ़ाई गई गेटों की ओपनिंग, हसदेव नदी में 31,529 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
इनफ्लो 51,331 क्यूसेक, बाढ़ की स्थिति से निपटने विभाग अलर्ट; जरूरत पड़ने पर और खोले जा सकते हैं गेट
छत्तीसगढ़/कोरबा :- मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में पिछले दो दिनों से लगातार बड़ी मात्रा में पानी की आवक होने के कारण जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बांध का जलभराव अब 94.65 प्रतिशत तक पहुंच गया है। लगातार बढ़ते इनफ्लो को देखते हुए बांध की सुरक्षा और हसदेव नदी में पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए जलाशय के गेटों की ओपनिंग लगातार बढ़ाई जा रही है।
बांध प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 02 सितंबर की शाम 7 बजे बांध का जलभराव 94.24 प्रतिशत पहुंचने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से तीन गेटों को कुल 1.50 मीटर तक खोला गया था। इसके बाद पानी की आवक लगातार अधिक बनी रहने पर रात में गेटों की संख्या और ओपनिंग बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
रात 12 बजे 8 गेट खोले गए
03 सितंबर की रात करीब 12 बजे बांध का जलस्तर 358.71 मीटर और जलभराव 94.30 प्रतिशत दर्ज किया गया। मुख्य अभियंता बिलासपुर तथा अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा एवं अनुमति के बाद आठ गेटों को अलग-अलग ऊंचाई तक खोलकर पानी का नियंत्रित डिस्चार्ज शुरू किया गया।
रात 12 बजे की स्थिति में—
- गेट नंबर 4 — 0.50 मीटर
- गेट नंबर 5 — 0.60 मीटर
- गेट नंबर 6 — 0.80 मीटर
- गेट नंबर 7 — 0.60 मीटर
- गेट नंबर 8 — 0.50 मीटर
- कुल गेट ओपनिंग — 3 मीटर
वहीं गेट नंबर 1, 2, 3, 9, 10 और 11 बंद रखे गए थे।
इस समय रेडियल गेटों से करीब 17,197 क्यूसेक तथा पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। इस प्रकार बांध से कुल 26,197 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा था, जबकि बांध में पानी की आवक यानी इनफ्लो 54,115 क्यूसेक दर्ज की गई।
सुबह फिर बढ़ाई गई गेटों की ओपनिंग
रातभर पानी की आवक अधिक बनी रहने के कारण सुबह तक बांध का जलस्तर और बढ़ गया। 03 सितंबर की सुबह 4:30 बजे जलस्तर 358.77 मीटर और जलभराव 94.65 प्रतिशत दर्ज किया गया।
इसके बाद सुबह 5 बजे गेटों की ओपनिंग और बढ़ा दी गई। वर्तमान में—
- गेट नंबर 4 — 0.70 मीटर
- गेट नंबर 5 — 0.80 मीटर
- गेट नंबर 6 — 1.00 मीटर
- गेट नंबर 7 — 0.80 मीटर
- गेट नंबर 8 — 0.70 मीटर
- कुल गेट ओपनिंग — 4 मीटर
कर दी गई है।
गेट नंबर 1, 2, 3, 9, 10 और 11 फिलहाल बंद हैं।
31,529 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा
सुबह 5 बजे की स्थिति में बांध के रेडियल गेटों से 22,529 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दोनों को मिलाकर मिनीमाता बांगो बांध से वर्तमान में कुल 31,529 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
इस दौरान बांध में पानी की आवक 51,331 क्यूसेक दर्ज की गई है। यानी बांध में आने वाले पानी की मात्रा अभी भी काफी अधिक बनी हुई है।
दर्री बैराज पर भी बढ़ेगा पानी का दबाव
बांध प्रबंधन द्वारा पहले ही स्पष्ट किया गया था कि गेटों की ओपनिंग बढ़ाए जाने का प्रभाव दर्री बैराज में रात करीब 2 बजे के बाद दिखाई देगा। बाढ़ की स्थिति निर्मित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए दर्री बैराज के गेटों की ओपनिंग भी आवश्यकता के अनुसार बढ़ाई जा रही है।
विभाग द्वारा बांगो बांध और उससे जुड़े जल प्रवाह क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। पानी की आवक और जलस्तर में होने वाले परिवर्तन के आधार पर आगे गेटों की ओपनिंग में और वृद्धि की जा सकती है।
बांध प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट
लगातार बढ़ते जलस्तर और भारी इनफ्लो के बीच बांध प्रबंधन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल पानी को नियंत्रित तरीके से हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है, ताकि बांध की सुरक्षा के साथ-साथ निचले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
सुबह की स्थिति में भी इनफ्लो 51 हजार क्यूसेक से अधिक दर्ज होने के कारण आने वाले घंटों में बांध के गेटों की ओपनिंग और बढ़ाए जाने की संभावना बनी हुई है। बांध की स्थिति पर विभागीय स्तर पर सतत निगरानी जारी है।











