छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मानिकपुर सहायता केंद्र क्षेत्र में हुए चर्चित लूटकांड के दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को दीपक ठाकुर ने मानिकपुर सहायता केंद्र में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ददरखुर्द क्षेत्र में देर रात करीब 2:30 बजे आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और लगभग 20-22 ग्राम वजनी सोने की चेन तथा 70 हजार रुपये नकद सहित करीब दो लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपियों की तलाश जारी रखी। इस मामले में पहले ही एक आरोपी के खिलाफ चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी लंबे समय से फरार थे।
लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- सोमनाथ सेनगुप्ता उर्फ सोमू
- सोमनाथ अग्रवाल उर्फ सोमू अग्रवाल
कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत फरार, आदतन एवं गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।











