छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना बालको में मैत्री हेल्पलाइन विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना रहा। 
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का संचालन उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती प्रतिभा मरकाम द्वारा किया गया। उन्होंने नागरिकों को मैत्री हेल्पलाइन की उपयोगिता, आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती मरकाम ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों और सामाजिक अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। साथ ही पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय को सुरक्षित समाज की नींव बताया।
कार्यशाला में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं पुलिस स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। प्रतिभागियों को अभिव्यक्ति ऐप एवं मैत्री हेल्पलाइन नंबर 9479282100 के माध्यम से त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सजग एवं सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।











