HomeBreaking Newsमेडिकल कॉलेज कोरबा में एमबीबीएस नवप्रवेशी छात्रों का व्हाइट कोट सेरेमनी, ली...

मेडिकल कॉलेज कोरबा में एमबीबीएस नवप्रवेशी छात्रों का व्हाइट कोट सेरेमनी, ली चरक व हिप्पोक्रेटिक शपथ

छत्तीसगढ़/कोरबा :- स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा में एमबीबीएस 2025 बैच के प्रथम वर्ष में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी एवं चरक शपथ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर संपन्न हुआ।       

- Advertisement -

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. कमल किशोर सहारे तथा विशिष्ट अतिथि अस्पताल अधीक्षक डॉ. गोपाल कंवर रहे। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को चिकित्सा आचार संहिता का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

अधिष्ठाता डॉ. के. के. सहारे ने विद्यार्थियों को चरक एवं हिप्पोक्रेटिक शपथ दिलाते हुए कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने भावी चिकित्सकों से मरीजों के प्रति संवेदनशील, ईमानदार एवं निस्वार्थ सेवा भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

वहीं डॉ. गोपाल कंवर ने चरक शपथ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आचार्य चरक की शिक्षाएं चिकित्सकों को अनुशासन, गुरुजनों के प्रति सम्मान तथा कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा का मार्ग दिखाती हैं, जो एक आदर्श चिकित्सक बनने के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज समिति के सदस्य डॉ. दुर्गा शंकर पटेल, डॉ. सुमित ध्रुव, डॉ. अनमोल मिंज, डॉ. अनिल अग्रवाल, डॉ. आशुतोष थवाइत, डॉ. दिव्या चंद्र एवं डॉ. रीना नायक का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन द्वितीय वर्ष की छात्राएं समृद्धि जैन एवं सुनैना कुजूर ने किया। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. विनीता रावटे ने अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Must Read