छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना अंतर्गत एसईसीएल की आदर्श नगर कॉलोनी में मां-बेटी की नृशंस हत्या के मामले में बेटा ही हत्यारा निकला। नशे की हालत में उसने अपनी बहन और मां को मौत के घाट उतार दिया। चाकुओं से गोद देने के बाद चाकू को छत पर छुपा दिया था। डॉग स्क्वायड की मदद से पुलिस ने इस गुत्थी को सुलझा लिया है। दरअसल कातिल कोई और नहीं था दोनों मां बेटी मृतिका का बेटा व भाई था, लेकिन कहते हैं ना कि कातिल कितना ही शातिर क्यों ना हो कहीं ना कहीं सुराग छोड़ देता है, जब पुलिस डॉग बाघा को मृतिका के कपड़ों को सुंघाया गया, और बारी-बारी से सभी घर के सदस्यों को बुलाया गया तो घर के सभी सदस्यों को छोड़कर वह सीधे मृतिका के कातिल बेटे को धर दबोचा कातिल ने हत्या करने के बाद कपड़े बदल कर इत्मीनान से घर पर बैठा हुआ था, बताया जा रहा है आरोपी घटना करने के दौरान नशे की हालत में था ।

आरोपी अमन दास 19 वर्ष को गिरफ्तार कर मौके से मिले सामानों की जब्ती कर ली गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और नशे की हालत में वारदात को करना बताया है। उसे नशा की हालत में घर पहुंचने पर फटकार लगाई गई थी।
बता दें कि डीएमक्यू टाइप मकान क्रमांक 16 में एसईसीएल कर्मी की पत्नी एवं बेटी की बाथरूम में खून से लथपथ लाश मिली थी। एसईसीएल कर्मी आरके दास रोज की तरह सुबह करीब 5-6 बजे ड्यूटी पर चले गए थे। इसके बाद सुबह करीब 10-11 बजे पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा। पहले तो उन्होंने ध्यान नहीं दिया। काफी देर बाद भी दरवाजा खुला था और कोई आते-जाते भी नहीं दिखाई दे रहा था। पड़ोसियों को संदेह हुआ तो घर के अंदर जाकर देखा,वहां बाथरूम में मां और बेटी के खून से लथपथ शव पड़े हुए थे।पड़ोसियों ने पुलिस और आरके दास को सूचना दी थी।














