छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में संचालित सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) कार्यों की समीक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक ने विस्तृत बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर सीसीटीएनएस से जुड़े कार्यों, लंबित प्रकरणों और विभिन्न मॉड्यूलों में डाटा एंट्री की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सीसीटीएनएस में की जाने वाली प्रत्येक प्रविष्टि पूर्णतः सही, त्रुटिरहित और निर्धारित समय-सीमा के भीतर की जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री से विवेचना अधिक प्रभावी होती है तथा न्यायालयीन प्रक्रिया और अपराध संबंधी अभिलेखों की विश्वसनीयता भी बनी रहती है।
बैठक में फॉर्म एंट्री, MedLEaPR, VCNB, ई-साक्ष्य, अंतिम प्रतिवेदन (Final Report), मालखाना एंट्री, e-Sign FIR/Chargesheet सहित अन्य महत्वपूर्ण मॉड्यूलों की समीक्षा की गई। सभी लंबित प्रविष्टियों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक डाटा एंट्री में प्रार्थी, आरोपी और पीड़ित का नाम, पिता/पति का नाम, मोबाइल नंबर तथा अन्य आवश्यक जानकारी का सत्यापन करने के बाद ही प्रविष्टि की जाए। उन्होंने कहा कि अपूर्ण या त्रुटिपूर्ण जानकारी भविष्य में तकनीकी और न्यायिक समस्याओं का कारण बन सकती है।
बैठक के दौरान सीसीटीएनएस कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, समय पर डाटा एंट्री और लंबित कार्यों के प्रभावी निराकरण करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और जिले में सीसीटीएनएस कार्यों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएगा।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सीसीटीएनएस के प्रत्येक मॉड्यूल में शत-प्रतिशत गुणवत्ता, शुद्धता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।












