HomeBreaking Newsतीन दशक से अपराध की दुनिया में सक्रिय रज्जाक अली पर जिला...

तीन दशक से अपराध की दुनिया में सक्रिय रज्जाक अली पर जिला बदर की तैयारी, NSA के तहत भी हो सकती है कार्रवाई

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किए गए आदतन अपराधी और गुंडा बदमाश रज्जाक अली के खिलाफ कोरबा पुलिस ने अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। लगभग तीन दशकों से जिले के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट, आगजनी, अवैध हथियार रखने और नारकोटिक्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में नामजद रहे रज्जाक अली के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन जिलाधीश कार्यालय भेजा गया है। वहीं उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी रज्जाक अली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। प्रार्थी शिवबालक सिंह तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश के चलते जिला जेल कोरबा के पास रज्जाक अली और उसके साथियों ने रास्ता रोककर हथियारों के बल पर हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा मामले के गवाहों और संबंधित व्यक्तियों को धमकाकर बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा था। इस संबंध में उसके खिलाफ अलग से अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रज्जाक अली के खिलाफ थाना कोतवाली, उरगा, करतला सहित जिले के विभिन्न थानों में पिछले करीब 30 वर्षों से कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने के कारण पुलिस ने उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले और समाज में आतंक का वातावरण निर्मित करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Must Read