HomeBreaking Newsपाम मॉल के ओएनसी क्लब और सेंट्रल प्वाइंट बार पर पुलिस का...

पाम मॉल के ओएनसी क्लब और सेंट्रल प्वाइंट बार पर पुलिस का देर रात छापा, नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  शहर में देर रात तक बार और क्लबों के संचालन को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाम मॉल स्थित ओएनसी (वन नाइट क्लब) और सेंट्रल प्वाइंट स्थित बार में देर रात आकस्मिक छापेमारी की। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में निर्धारित समय के बाद शराब परोसे जाने और आबकारी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर बार प्रबंधन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई। 

- Advertisement -

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के नेतृत्व में की गई। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि दोनों प्रतिष्ठानों में निर्धारित समय सीमा के बाद भी शराब परोसी जा रही है और देर रात तक पार्टी आयोजित की जा रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने दोनों स्थानों का निरीक्षण किया, जहां नियमों का उल्लंघन करते हुए ग्राहकों को शराब परोसी जाती मिली। इसके बाद दोनों बार के मैनेजरों को थाना लाकर उनके विरुद्ध संबंधित वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई प्रारंभ की गई।   

यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि कुछ समय पहले पाम मॉल स्थित ओएनसी क्लब से शराब पीकर निकले एक युवक ने अपनी स्कॉर्पियो को मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का प्रयास किया था। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी रमन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। उस घटना ने देर रात तक शराब परोसने और उसके संभावित दुष्परिणामों पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।

शहर में लंबे समय से यह शिकायत सामने आती रही है कि कुछ बार और क्लब निर्धारित समय के बाद भी संचालित होते हैं, जिससे शराब पीकर वाहन चलाने, सड़क दुर्घटनाओं और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत देती है कि अब नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जाएगा।   

अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या यह कार्रवाई केवल दो प्रतिष्ठानों तक सीमित रहेगी या फिर शहर के अन्य बार, क्लब और होटल भी पुलिस की जांच के दायरे में आएंगे। यदि अभियान इसी तरह निरंतर चलता रहा, तो देर रात नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले प्रतिष्ठानों पर प्रभावी अंकुश लग सकता है।     

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कानून और आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Must Read