छत्तीसगढ़/कोरबा :- उरगा थाना क्षेत्र स्थित पताढ़ी के अडानी पावर प्लांट में चोरी की एक बड़ी वारदात होने से पहले ही सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसे विफल कर दिया गया। प्लांट परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद चार युवकों को मौके से पकड़ लिया गया। बाद में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अडानी पावर प्लांट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां दिखाई दीं। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल निगरानी बढ़ाते हुए घेराबंदी की और परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले चार लोगों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की नीयत से प्लांट परिसर में प्रवेश करने की बात स्वीकार की। मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन कुमार श्रीवास उर्फ दाऊ (20 वर्ष) निवासी तिलकेजा, सोमेंद्र कुमार कर्ष उर्फ अप्पी (24 वर्ष) निवासी खैरभांठ तिलकेजा, शिवकुमार श्रीवास उर्फ शिव (26 वर्ष) निवासी संजय नगर अकलतरा, हाल मुकाम कुदरूमाल तथा संपत कुमार धीवर (20 वर्ष) निवासी कलमीभांठ तिलकेजा शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और नागरिकों की सतर्कता अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।













