2015 में अनुकंपा नियुक्ति के बाद प्रशिक्षण के लिए भेजे गए थे बिलासपुर, अंतिम अवसर में भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके
छत्तीसगढ़/कोरबा :- पटवारी विभागीय परीक्षा में निर्धारित चार अवसरों में भी सफल नहीं होने पर कोरबा जिले में पदस्थ पटवारी रविन्द्र कुमार बंजारे की नियुक्ति समाप्त कर दी गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा द्वारा जारी आदेश के अनुसार बंजारे हल्का नंबर 01 सपलवा, तहसील पाली में पटवारी के पद पर कार्यरत थे। उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री रविन्द्र कुमार बंजारे को वर्ष 2015 में पटवारी प्रशिक्षु के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई थी। नियुक्ति के बाद उन्हें पटवारी प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए पटवारी प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर भेजा गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद आयोजित पटवारी विभागीय परीक्षा में उन्हें निर्धारित अवसर प्रदान किए गए, लेकिन वे चारों अवसरों में परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर सके।
चार अवसरों के बाद पांचवां मौका नहीं देने का प्रावधान
छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 28 अगस्त 2015 को जारी निर्देशों में विभागीय परीक्षा में चार अवसरों में असफल रहने पर नियुक्ति समाप्त किए जाने का प्रावधान किया गया है। इसी संबंध में आयुक्त, भू-अभिलेख, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर द्वारा 13 फरवरी 2026 को जारी पत्र में भी स्पष्ट किया गया कि छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली के तहत विभागीय परीक्षा में असफल प्रशिक्षणार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए पांचवां अवसर दिए जाने का प्रावधान नहीं है।
अंतिम सूचना के बाद भी नहीं दिया परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण
कार्यालय द्वारा 13 अगस्त 2026 को श्री बंजारे को अंतिम सूचना पत्र जारी किया गया था। इसमें उन्हें 20 अगस्त 2026 तक विभागीय पटवारी प्रशिक्षण परीक्षा उत्तीर्ण करने से संबंधित आदेश, राजपत्र, अंकसूची अथवा प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने तक उनके द्वारा परीक्षा उत्तीर्ण करने संबंधी कोई दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किया गया।
इसके बाद शासन के प्रचलित प्रावधानों एवं निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर कोरबा द्वारा 24 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया गया। आदेश के तहत रविन्द्र कुमार बंजारे की पटवारी पद पर नियुक्ति समाप्त करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया है।











