HomeBreaking Newsवेदांता प्लांट हादसे पर सांसद महंत का तीखा हमला, बार-बार हो रही...

वेदांता प्लांट हादसे पर सांसद महंत का तीखा हमला, बार-बार हो रही घटनाओं पर उठाए गंभीर सवाल

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने शक्ति जिले स्थित वेदांता लिमिटेड के प्लांट में हुए भीषण हादसे को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि लगातार सुरक्षा मानकों की अनदेखी का नतीजा है।

- Advertisement -

सांसद महंत ने कहा कि इससे पहले भी कोरबा स्थित वेदांता प्लांट में चिमनी निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो चुका है, जिसमें करीब 40 श्रमिकों की मौत हुई थी। इसके अलावा भी प्रोजेक्ट में कई हादसे हो चुके हैं, जो श्रमिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार घटनाओं के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि शक्ति जिले में हुए ताजा हादसे में बॉयलर फटने की घटना अत्यंत गंभीर और दुखद है। हालांकि मृतकों की वास्तविक संख्या अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्राप्त जानकारी के अनुसार एक दर्जन से अधिक श्रमिकों की मौत और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।

सांसद ने राज्य सरकार और प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग क्या कर रहा है। बार-बार हादसे होने के बावजूद जिम्मेदार एजेंसियों की चुप्पी समझ से परे है।

उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच समिति तत्काल गठित की जाए। साथ ही हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

सांसद महंत ने आगे कहा कि मृतक श्रमिकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराया जाए और घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी वेदांता प्रबंधन को उठानी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Must Read