पाली, हरदीबाजार, दीपका और उरगा में कार्रवाई; कोटमर्रा में रेत का अवैध भंडारण भी पकड़ा, वैधानिक कार्रवाई जारी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज उड़नदस्ता दलों ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच के दौरान अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 10 वाहनों को जब्त किया। वहीं, कोटमर्रा में रेत का अवैध भंडारण पाए जाने पर उसे भी जब्त किया गया है।
खनिज विभाग के अनुसार, पाली क्षेत्र में रेत और ईंट का अवैध परिवहन करते चार ट्रैक्टर पकड़े गए। हरदीबाजार में रेत और ईंट का परिवहन करते तीन ट्रैक्टर तथा गिट्टी का परिवहन करते एक हाइवा जब्त किया गया। इसी तरह दीपका में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रेलर और उरगा में रेत का परिवहन करते एक ट्रैक्टर के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद जब्त वाहनों को हरदीबाजार, दीपका और पाली थानों के साथ हरदीबाजार खनिज जांच चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध खनिज कारोबार पर लगातार कार्रवाई का दावा
खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित निगरानी और निरंतर कार्रवाई अहम होगी। खनिज विभाग ने अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।












