मेडिकल कॉलेज भवन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक हैंडओवर करने के निर्देश, हॉस्टल व अन्य सुविधाओं के कार्य 15 दिसंबर तक पूरे करने को कहा; आईटीआई में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने बुधवार को भुलसीडीह स्थित स्वर्गीय श्री बिसाहू दास महंत स्मृति मेडिकल कॉलेज भवन तथा आईटीआई रामपुर में चल रहे रिनोवेशन कार्यों का निरीक्षण किया। दोनों स्थानों पर कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने धीमी गति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों को मैनपावर बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए।
नवंबर के अंतिम सप्ताह तक मेडिकल कॉलेज भवन हैंडओवर करने के निर्देश
भुलसीडीह में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भवन की सुविधाओं, निर्माण कार्यों की प्रगति और परिसर तक पहुंच मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदार को अतिरिक्त मैनपावर लगाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा नवंबर के अंतिम सप्ताह तक आवश्यक निर्माण कार्य पूरे कर भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए, ताकि मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को यहां शिफ्ट कर पढ़ाई शुरू कराई जा सके।
कलेक्टर ने कॉमन रूम, डाइनिंग रूम, फर्नीचर फिटिंग और इलेक्ट्रिकल कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अतिरिक्त टीम लगाकर काम शीघ्र पूरा कराने को कहा। उन्होंने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) के अधिकारियों को कार्यों का वर्क शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, हॉस्टल, डाइनिंग, एंट्रेंस और खेल सुविधाओं से जुड़े कार्य 15 दिसंबर तक पूर्ण करने को कहा।
विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज के डीन श्री के.के. सहारे को आवश्यक संसाधनों और सामग्री की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन परिसर की सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा करने को कहा।
मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग को फोरलेन बनाने के निर्देश
मेडिकल कॉलेज तक आवागमन सुगम बनाने के लिए कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डब्ल्यूएमएम कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने नकटीखाड़ से मेडिकल कॉलेज तक के मार्ग को फोरलेन बनाने और इसे डेढ़ माह के भीतर पूरा करने को कहा। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के आसपास प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए।
आईटीआई रामपुर में धीमी गति पर जताई नाराजगी
इसके बाद कलेक्टर ने आईटीआई रामपुर भवन में चल रहे रिनोवेशन कार्य का निरीक्षण किया। यहां टाइल्स लगाने, खिड़कियों की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने काम की धीमी गति पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने तथा सभी मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ वर्क ऑर्डर में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता और एसडीओ को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखने को कहा। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि तय समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन श्री के.के. सहारे, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री जी.आर. जांगड़े, एसडीएम श्री सरोज महिलांगे, एसडीओ श्री राकेश द्विवेदी, ईएंडएम के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के कर्मचारी तथा नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।












