छत्तीसगढ़/कोरबा :- नगर पालिका निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने बुधवार को पंचवटी में आयोजित प्रेस वार्ता में अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि निगम ने राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी 67 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए हैं। इस अवधि में 537 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए, जबकि 434 नए विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इनमें 76 कार्य पूर्ण, 149 निर्माणाधीन हैं और 209 कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।
स्वच्छता में कोरबा को मिली नई पहचान
महापौर ने कहा कि उनके कार्यकाल में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत किया गया, बड़े होटल और मैरिज गार्डनों के लिए कचरा प्रबंधन के नियम सख्ती से लागू किए गए तथा 16 एसएलआरएम केंद्रों का करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन किया जा रहा है। रोड स्वीपिंग मशीन से सड़क सफाई का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन प्रयासों के चलते कोरबा ने देश के स्वच्छ शहरों में आठवां स्थान हासिल किया है।
बाजार और यातायात व्यवस्था में सुधार
महापौर ने बताया कि बुधवारी बाजार, कोसाबाड़ी डेली मार्केट और घंटाघर क्षेत्र की वर्षों पुरानी अव्यवस्था को दूर कर व्यवस्थित किया गया है। चौपाटी को फूड जोन के रूप में विकसित किया गया, जिससे सड़क किनारे लगने वाले ठेलों का बेहतर प्रबंधन हुआ और जाम की समस्या में कमी आई। छोटे व्यापारियों और फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए भी अलग-अलग स्थान विकसित किए जा रहे हैं।
बड़ी परियोजनाओं पर निगम का फोकस
उन्होंने बताया कि 211 करोड़ रुपये की लागत से 20 एमएलडी क्षमता का टर्शरी ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा, जबकि 33 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माणाधीन है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दादर खुर्द में तैयार आवासों का 22 जुलाई को आवंटन किया जाएगा। लंबे समय से बंद मल्टीलेवल पार्किंग भवन को भी जल्द शुरू कर वहां पार्किंग के साथ 40 से अधिक दुकानों का आवंटन किया जाएगा।
रोशनी, सड़क और नई सुविधाओं का विस्तार
महापौर ने बताया कि शहर में 5000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य जारी है। प्रमुख चौकों पर हाईमास्ट लाइट लगाई जाएंगी। सुनालिया ओवरब्रिज से अग्रसेन चौक तक सड़क एवं पुल निर्माण, सर्वमंगला पुल से दर्री बांध तक फोरलेन सड़क तथा आईटीआई चौक से बालको चेकपोस्ट तक गौरव पथ जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। ट्रैफिक सिग्नल वाले प्रमुख चौराहों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए वेटिंग शेड भी बनाए जा रहे हैं।
जनसुनवाई से रिकॉर्ड तक
महापौर ने बताया कि “महापौर की पाती” और “कनेक्ट टू कमिश्नर” जैसी पहल से नागरिकों की शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निराकरण किया जा रहा है। इसके अलावा हॉकी स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, बॉक्स क्रिकेट मैदान, सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, गीले कचरे से बायोगैस संयंत्र, ग्रीन कॉरिडोर, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 4027 आवासों की स्वीकृति तथा 80 ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता शपथ अभियान के तहत 20 मिनट में 15,500 से अधिक लोगों के हस्ताक्षर कराकर कोरबा ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया। पत्रकार वार्ता में महापौर ने कहा कि आने वाले समय में भी शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी।
महापौर संजू देवी राजपूत ने पेश किया डेढ़ साल का रिपोर्ट कार्ड,: 537 करोड़ के विकास कार्यों का दावा, पंचवटी में महापौर ने गिनाईं उपलब्धियां











