छत्तीसगढ़/कोरबा :- “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के अंतर्गत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स में “बच्चे रहें स्वस्थ” योजना के तहत स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। बुध पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन कराया तथा उनके स्वास्थ्य का निःशुल्क परीक्षण किया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की आयु के अनुरूप संतुलित आहार, दिनचर्या, योग एवं प्राणायाम की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिंदु प्राशन आयुर्वेद की एक पारंपरिक प्रक्रिया है, जिसमें स्वर्ण भस्म के साथ शहद, घी एवं अन्य औषधीय द्रव्यों का उपयोग किया जाता है। उनके अनुसार यह बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने तथा बदलते मौसम में होने वाली सामान्य बीमारियों से बचाव में सहायक माना जाता है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से स्वर्ण बिंदु प्राशन कराने से बच्चों में ऊर्जा का संचार होता है और शरीर की प्राकृतिक प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कराया। आयोजन के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा, नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम शाहनी, देवबली कुंभकार, शैल कुमारी निषाद, अमर बघेल, गुनगुन, लक्ष्मी तथा पंचकर्म तकनीशियन पिंकी बरेठ सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।











